• Thu. Sep 24th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चलते ग्रेटर नोएडा में भारी वाहनों की नो-एंट्री, घर से निकलने से पहले देखें रूट प्लान

नोएडा: ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन होगा। इस दौरान वीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

गुरुवार से 29 सितंबर तक रोजाना सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। वहीं, शुक्रवार को उद्घाटन समारोह के दौरान ट्रैफिक के लिए अलग से डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।

अमित शाह करेंगे ट्रेड शो का उद्घाटन

ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का उद्घाटन शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

ट्रैफिक डीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को चिल्ला रेड लाइट से एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से गोलचक्कर चौक, सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

वहीं, डीएनडी से आने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक, सेक्टर-16 की तरफ भेजा जाएगा। कालिंदी कुंज बॉर्डर से आने वाले ट्रैफिक को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

भारी वाहनों के लिए बदले गए रूट

24 से 29 सितंबर तक नोएडा एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। मालवाहक वाहनों को गाजियाबाद की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वे लालकुआं होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) पर जा सकेंगे।

यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहनों को जेवर टोल से बुलंदशहर की ओर भेजा जाएगा। ये वाहन जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, ग्रेटर नोएडा में भारी वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

80 ट्रकों की पार्किंग की भी व्यवस्था

एक्सपो मार्ट में प्रदर्शनी का सामान लेकर आने वाले ट्रक सामान उतारने के बाद नॉलेज पार्क से एलजी गोलचक्कर होते हुए 130 मीटर रोड पर जाएंगे। इसके बाद वे सिरसा गोलचक्कर, रामपुर और फतेहपुर तिराहे के रास्ते 260 ट्रकों की क्षमता वाली पार्किंग में खड़े होंगे।

इसके अलावा नॉलेज पार्क में एनआईटी कॉलेज के पास सर्विस रोड पर भी 80 ट्रकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

सेक्टर-37 से एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से सर्विस रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।

आगरा की ओर से नोएडा आने वाले वाहनों के लिए जेवर टोल से आगे कस्बा जेवर की तरफ उतरने का विकल्प दिया गया है। यहां से वाहन साबौता अंडरपास, खुर्जा बाईपास और जहांगीरपुर के रास्ते जा सकेंगे। इसके अलावा हिंडन कट से सेक्टर-151 की ओर सर्विस रोड का इस्तेमाल करके भी वाहन जा सकेंगे।

परी चौक से नोएडा जाने वाले वाहनों का रूट बदलेगा

परी चौक से एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा जाने वाले वाहनों को सूरजपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, सूरजपुर से परी चौक जाने वाले वाहनों को एलजी गोलचक्कर से 130 मीटर रोड की तरफ भेजा जाएगा। कासना की ओर से आने वाले वाहनों को भी 130 मीटर रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा से एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से सेक्टर-94 की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन महामाया फ्लाईओवर और सेक्टर-37 होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्जन

जीआईपी की ओर से फिल्मसिटी फ्लाईओवर होते हुए डीएनडी जाने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर के नीचे बने यू-टर्न से डायवर्ट किया जाएगा।

वहीं, रजनीगंधा की ओर से डीएनडी फ्लाईओवर के रास्ते दिल्ली जाने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक से डायवर्ट कर डीएससी मार्ग और न्यू अशोक नगर बॉर्डर की ओर भेजा जाएगा।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)