Report : ICN Network ( Gautam Budh Nagar)UP
“गांव-गांव तक पहुंच रहा विकास, दनकौर क्षेत्र में करोड़ों की लागत के विकास कार्यों की शुरुआत” “नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण को लेकर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह का जनआह्वान” “विकास और जनसंवाद साथ-साथ, रौनिजा में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर जनता से किया आह्वान” News : दिनांक 16 मार्च 2026 को कस्बा दनकौर स्थित बिहारी लाल इंटर कॉलेज में लगभग 32 लाख रुपये की लागत से लाइब्रेरी का निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही ग्राम जुनैदपुर की मढ़ैया में 32 लाख रुपये तथा ग्राम उस्मानपुर में 32 लाख रुपये की लागत से लाइब्रेरी निर्माण कार्य की भी शुरुआत की गई, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।इसी क्रम में ऊंची दनकौर में लगभग 14 लाख रुपये की लागत से खड़ंजा निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। वहीं दनकौर स्थित बिजली घर से सेक्टर-17 को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर लगभग 90 लाख रुपये की लागत से ड्रेनेज निर्माण कार्य तथा दनकौर रीलखा रोड पर 57 लाख रुपये की लागत से ड्रेनेज निर्माण कार्य शुरू कराया गया, जिससे जल निकासी की समस्या का समाधान होगा। साथ ही ग्राम लतीफपुर में लगभग 37 लाख रुपये की लागत से अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। वहीं ग्राम रौनिजा में 4 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण तथा 1 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान एवं ओपन जिम के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त पंचायत घर की चारदीवारी का कार्य 67 लाख रुपये, कम्युनिटी सेंटर की चारदीवारी का कार्य 90 लाख रुपये तथा लाइब्रेरी निर्माण का कार्य 61 लाख रुपये की लागत से प्रारंभ कराया गया।
इस अवसर पर जेवर के विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि “ग्राम उस्मानपुर को स्मार्ट विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए शीघ्र ही टेंडर जारी किया जाएगा।”
अंत में कार्यक्रम के दौरान ग्राम रौनिजा में आयोजित जनसंवाद के माध्यम से क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए जेवर के विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के ऐतिहासिक लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर लोगों का आह्वान किया।
जेवर के विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि *”यह हवाई अड्डा जेवर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया द्वार खोलने जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तथा उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी की प्रस्तावित सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस ऐतिहासिक क्षण के सहभागी बनें।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने जनसंवाद के माध्यम से क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित को समाधान के निर्देश दिए।
इस मौके पर जेवर के विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि *’जनता की समस्याओं का समाधान करना ही जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।”*


