• Sun. Feb 1st, 2026

UP Politics : चुनाव से पहले सपा को लगा करारा झटका ! अखिलेश के करीबी ने छोड़ी पार्टी

ByIcndesk

Feb 1, 2024
Report By : ICN Network (UP Politics)

2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 80 में से 80 सीटें जीतने का दावा करने वाली समाजवादी पार्टी को चुनाव से पहले बड़ा झटला लगा है। दरअसल, बीते मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने सोलह प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है, जिसके साथ ही सपा ने 2024 का आग़ाज़ कर दिया। लेकिन प्रत्याशियों की सूची जारी करते ही सपा को करारा झटका लगा और अखिलेश यादव के क़रीब कहे जाने वाले नेता मनोज यादव ने पार्टी को छोड़ने का एलान कर दिया। वो कई वजहों को लेकर नाराज़ बताए जा रहे थे।

पहली सूची में इनके नाम
बता दें अखिलेश यादव ने पहली सूची में मैनपुरी लोकसभा सीट से एक बार फिर अपनी पत्नी डिंपल यादव को ही टिकट दिया है। पार्टी की ओर से जैसे ही डिंपल यादव के नाम का एलान किया गया मैनपुरी में सपा नेता और उद्योगपति मनोज यादव ने पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया। मनोज ने पार्टी में चाटुकारिता और एक दूसरे की टांग खिंचाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने सपा में पारिवारिक कलह को भी पार्टी छोड़ने की बड़ी वजह बताया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुलायम सिंह के निधन के बाद मैनपुरी उपचुनाव में मनोज यादव ने सपा को काफ़ी सपोर्ट किया था और डिंपल यादव को चुनाव जिताने में उनकी सक्रिय भूमिका रही। पार्टी से इस्तीफ़ा देने के बाद उन्होंने सपा पर कई गंभीर आरोप भी लगाए और बीजेपी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि सपा सरकार में काम के लिए उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता, लेकिन योगी सरकार में काम पारदर्शिता से होता है और उनके पास अब काफ़ी काम है। मनोज यादव के पार्टी छोड़ने पर सपा की ओर से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।

By Icndesk