• Tue. Apr 7th, 2026

UP : उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई संपन्न..

निर्धारित 10 बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभापति ने दिया आवश्यक दिशा निर्देश..

समिति द्वारा मांगी जाने वाली सूचनाओं एवं माननीय जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर हो शीघ्र कार्रवाईः सभापति

गौतमबुद्धनगर :उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, गौतमबुद्धनगर में माननीय सभापति अश्विनी त्यागी की सभापतित्व में संपन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ निर्धारित 10 बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में तीनों प्राधिकरणों, पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन, लोक निर्माण, शिक्षा सहित अन्य विभागों की विस्तृत समीक्षा की गयी। बैठक के दौरान वर्ष 2024 से अब तक विधान मंडल के सदस्यों से प्राप्त पत्रों एवं विकास कार्यों से संबंधित प्रस्तावों पर की गई कार्यवाही, विभिन्न विभागों द्वारा जनप्रतिनिधियों के पत्राचार के निस्तारण की स्थिति, शासकीय कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल अनुपालन, जनप्रतिनिधि रजिस्टर की उपलब्धता तथा प्रोटोकॉल उल्लंघन से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं जनपद स्तर पर आयोजित प्रमुख सरकारी कार्यक्रमों का विवरण की समीक्षा की गई।


मा0 सभापति द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा समिति द्वारा मांगी जाने वाली सूचनाओं को निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मानव सम्पदा पोर्टल पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संपत्ति विवरण प्रस्तुत करने की स्थिति तथा भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर की गई कार्यवाही की भी समीक्षा की गई। समिति ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाये तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाये। समिति द्वारा सफाई कर्मचारियों के सत्यापन कराने एवं पात्र लाभार्थियों के शत्-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गये।
जिलाधिकारी द्वारा माननीय सभापति महोदय को अब तक की गई कार्यवाहियों से अवगत कराया गया तथा यह आश्वस्त किया गया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में समिति के माननीय सदस्य पवन कुमार सिंह, धर्मेन्द्र भारद्वाज, विरेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, माननीय सदस्य विधान परिषद श्रीचन्द शर्मा, दिनेश कुमार गोयल, जिला अध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा, जिला अधिकारी मेधा रूपम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)