Report : ICN Network
मुख्यमंत्री जी के अध्यक्षता में आयोजित हुए कार्यक्रम का विकास भवन सभागार में हुआ सजीव प्रसारण
गौतमबुद्धनगर, : उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत प्रदेशव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ आज योगी आदित्यनाथ, मा० मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनपद वाराणसी के कंपोजिट विद्यालय शिवपुर, वरुणापार जोन से किया गया। इस अवसर पर मा० मुख्यमंत्री जी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।इसी क्रम में जनपद गौतम बुद्ध नगर के विकास भवन सभागार में भी ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ मा० विधायक दादरी तेजपाल नागर एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मा० मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
इस अवसर पर मा० विधायक दादरी तेजपाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और ‘स्कूल चलो अभियान’ का उद्देश्य जन-जन तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। सभी अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन विद्यालयों में कराना चाहिए, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर एवं सशक्त बन सकें।” उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि “जिला प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता एवं पहुंच को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस अभियान को सफल बनाना है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नामांकन वृद्धि के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान मा० विधायक तेजपाल नागर एवं माननीय विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा द्वारा छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, स्कूल ड्रेस, जूते एवं मौजे वितरित किए गए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।

