बेटियों को मैदान में लाना राष्ट्र निर्माण के लिए जरूरी: अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर ज्योति चौहान
गौतमबुद्ध नगर समेत 5 जिलों के 2 लाख बच्चों में ‘बाउंस ऑफ जॉय’ ने जगाया खेलों का उत्साह
Noida : बच्चों में खेल और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सनफीस्ट ‘बाउंस ऑफ जॉय’ कार्यक्रम ने अपने एक वर्ष के सफल संचालन का उत्सव मनाया। इस दौरान फाइनल फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया और विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपी गयी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को आउटडोर खेलों के लिए प्रेरित करना और स्कूलों व समुदायों में खेलों की भागीदारी बढ़ाना है, जिससे शारीरिक फिटनेस, जीवन कौशल, पोषण और लैंगिक समानता को प्रोत्साहन मिल सके।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी ज्योति चौहान ने कहा कि खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन बच्चों तक भी खेल के अवसर पहुंचाते हैं जिन्हें सामान्य रूप से यह सुविधा नहीं मिल पाती, खासकर लड़कियों को खेलों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के तहत बीते एक वर्ष में करीब 250 स्कूलों के एक लाख से अधिक छात्रों तक खेल गतिविधियां पहुंचाई गईं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर और सहारनपुर, बिहार के मुजफ्फरपुर और मुंगेर तथा झारखंड के रांची जिले के समुदायों में लगभग एक लाख बच्चों को इस पहल का लाभ मिला।
इस अभियान के अंतर्गत स्कूलों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई, प्रशिक्षित कोचों द्वारा खेल सत्र आयोजित किए गए और शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, छात्र और समुदाय के कई वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस पहल से उनके स्कूलों और समुदायों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।
समापन समारोह दिल्ली स्थित मयूर विहार स्थित सेंट मैरी स्कूल में आयोजित किया गया,समापन समारोह में सरकार, खेल जगत और सामाजिक संगठनों से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी ज्योति चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ यूपी फुटबॉल टीम के कप्तान अभिषेक रावत, आईटीसी की प्रतिनिधि नुपुर अग्रवाल और अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे।