• Tue. Sep 22nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: बोड़ाकी व ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) से जोड़ा जाएगा

अल्फा-1 से जुनपत तक बनी 105 मीटर रोड को आगे बोड़ाकी व ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) से जोड़ा जाएगा। इससे आगे हापुड़ बाईपास तक भी इसी सड़क का विस्तार होना है। एनएचएआई इस अधूरी सड़क का निर्माण पूरा करेगी। इसके लिए भेजे गए ग्रेनो के प्रस्ताव को एनएचएआई ने मंजूरी दे दी है। इसमें सड़क बनाने के लिए जरूरी सड़क का अधिग्रहण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण करेगा।
ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि 105 मीटर रोड अल्फा-1 से जुनपत के बीच बनी है। इसे आगे 18 किमी आगे तक बनाया जाना है। यहां ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बील अकबरपुर इंटरचेंज के पास यह गाजियाबाद और अलीगढ़ को जोड़ने वाली एनएच-34 से जुड़ेगी। इसके अलावा आगे विस्तार कर इसी सड़क को हापुड़ बाईपास एनएच-9 तक बनाया जाएगा। इससे गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भी सीधे कनेक्टिविटी इसी रोड से आगे दी जा सकेगी। इसी दो मई को बोर्ड ने इस बाबत प्रस्ताव पास किया था।
अब एनएचएआई ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए निर्माण करने के लिए अपनी सहमति दे दी है। प्रस्ताव के मुताबिक 118 एकड़ जमीन की खरीद प्रक्रिया पूरी कर एनएचएआई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण देगा। जबकि सड़क निर्माण का खर्च एनएचएआई उठाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि 105 मीटर रोड के जरिये एनएचएआई की जहां कई प्रमुख सड़कों से सीधे कनेक्टिविटी पूरी होगी। वहीं गंगा एक्सप्रेसवे से भी हापुड़ बाईपास से एक 15 किमी लंबी सड़क बनाकर इसे जोड़ दिया जाएगा। ग्रेनो के बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टीमाॅडल लॉजिस्टिक हब से भी पश्चिमी यूपी के अलावा हरियाणा, पंजाब के कई प्रमुख शहर जुड़ जाएंगे। बोड़ाकी में ही रेलवे, बस, फ्रेट कॉरिडोर की सुविधाएं ग्रेटर नोएडा टर्मिनल के रूप में विकसित होनी हैं। इस टर्मिनल को ध्यान में रखते हुए 105 मीटर रोड पर छह लेन की एलिवेटेड रोड भी प्रस्तावित है।

अभी केवल छह किमी ही बनी सड़क
वर्तमान में अल्फा-1 से जुनपत के बीच 105 मीटर रोड केवल छह किमी में बनी है। इस दौरान यह ग्रेनो वेस्ट और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली 130 मीटर रोड को भी क्रॉस करती है। इस सड़क के बनने के बाद करीब 45 मिनट में ग्रेटर नोएडा से वाहन गंगा एक्सप्रेसवे तक 45 मिनट में पहुंच सकेंगे। इसी तरह हापुड़ और गाजियाबाद के लिए भी आवाजाही आसान हो जाएगी।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )