थाना सेक्टर 24 में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी सहेली सोशल मीडिया पर एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसे बदनाम कर रही है। महिला के अनुसार वह उसे कॉल गर्ल लिखकर उसे मैसेज कर रही है तथा उसके मोबाइल फोन नंबर को कॉल गर्ल बताकर लड़कों को बांट रही है।
थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि बीती रात को एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मोरना गांव में रहती है। महिला के अनुसार उसकी दोस्ती सोनी पूजा पत्नी अंशुल कुमार निवासी खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि उसकी सहेली ने उसके नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाया। उसपर उसने उसे कॉल गर्ल लिखा है, तथा उसका मोबाइल फोन भी डाल दिया है। महिला के अनुसार वह उसके मोबाइल फोन नंबर को लड़कों को बांट रही है, वे लोग उसे फोन करके परेशान कर रहे हैं। महिला के अनुसार उसकी सहेली के इस कृत्य के चलते उसकी नौकरी भी छूट गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।