• Sun. Feb 1st, 2026

UP : यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 1200 करोड़ की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया

Gautam Budh Nagar : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए टप्पल, हामिदपुर और स्यारोल गांवों में चल रहे अवैध कब्जों पर बुलडोज़र चला दिया। यह अभियान 14 अक्टूबर 2025 को विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया।

इस दौरान करीब 300 एकड़ अधिसूचित भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1200 करोड़ रुपये आंकी गई है। अभियान में द ग्रैंड कॉलोनाइजर और वृंदावन कॉलोनी जैसी कई अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के सख्त निर्देशों और अलीगढ़ के जिलाधिकारी व एसएसपी के मार्गदर्शन में की गई। प्रशासन का कहना है कि ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती से अभियान आगे भी जारी रहेगा।

विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर कोई भी अवैध कब्जा या कॉलोनी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भोले-भाले खरीदारों से अपील की कि वे किसी भी प्रॉपर्टी डीलर या कॉलोनाइज़र से जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच ज़रूर करें, ताकि वे धोखाधड़ी का शिकार न हों। अभियान के दौरान प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी शिवअवतार सिंह, अभिषेक शाही, कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी महेश कुमार और धर्मेंद्र कुमार चौहान सहित अलीगढ़ प्रशासन व पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )