• Tue. Feb 17th, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पाकिस्तान पर तीखा हमला: भारतीय सेना की कार्रवाई को बताया सटीक जवाब

Report By : ICN Network

लखनऊ में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आतंकवाद और पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने इस बर्बरता का करारा जवाब दिया है। उन्होंने इस प्रतिक्रिया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम बताया।

योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज वह पूरी दुनिया के सामने अपनी दुर्दशा पर कराह रहा है, लेकिन फिर भी उसमें शर्म बाकी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान की सेना आतंकियों के जनाजे में शामिल होती है, तो वह अपने आप ही दुनिया के सामने बेनकाब हो जाता है।

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सावधान रहें और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर देश की सेवा करें। उन्होंने वीर योद्धाओं महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह को याद करते हुए कहा कि आज भारत की सेनाएं उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए सीमाओं की सुरक्षा कर रही हैं।

योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि पाकिस्तान का असली आतंकवादी चेहरा अब पूरी दुनिया के सामने आ चुका है और वह अब अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।


By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)