बारिश के सीजन में हो रहा मौसमी बदलाव लोगों को बीमार कर रहा है। स्थिति यह है कि अधिकतर घरों में लोग वायरल फीवर से परेशान हैं। डॉक्टर की सलाह पर डेंगू जांच भी करवा रहे हैं। जिला अस्पताल की लैब की रिपोर्ट के मुताबिक फिजिशियन की ओपीडी में आने वाले करीब 200 मरीजों में से 50 मरीजों में डेंगू जांच करवाई जा रही है। जांच में रोजाना एक-दो मरीज डेंगू पॉजिटिव आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जनवरी से अब तक जिले में डेंगू के 27 और मलेरिया के 35 मरीज मिल चुके हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार जांच कर रही है। रोजाना टीम सुबह से ही फील्ड पर निकल रही है और विभिन्न सेक्टर और सोसाइटी जा रही है। जगह-जगह जलभराव मिलने पर डेंगू लार्वा का पता किया जा रहा है। ऐसे में एक दो मरीज रोजाना मिल रहे हैं। हालांकि लार्वा मिलने पर कार्रवाई भी की जा रही है। वहीं, जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रदीप कुमार शैलत ने बताया कि इन दिनों मौसमी बदलाव तेजी से हो रहा है।
बारिश होते ही मौसम में ठंडक आ जाती है और धूप निकलते ही उमस की वजह से गर्मी बढ़ जाती है। यही नहीं, रात के समय एसी और कूलर भी इन दिनों नुकसान कर रहा है।
डेंगू और मलेरिया से बचाव –
मच्छरदानी का उपयोग करना
मच्छर भगाने वाली क्रीम लगा सकते हैं
ऐसे कपड़े पहनना जो शरीर को ढक सकें
पानी जमा न होने दें