• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर कारोबारी से 35 लाख रुपये की ठगी, नोएडा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Report By : ICN Network

नोएडा: सोशल मीडिया पर चल रहे शेयर ट्रेडिंग के एक फर्जी स्कीम का शिकार हुए नोएडा के एक कारोबारी से 35 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने नोएडा के सेक्टर-39 थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।

नोएडा के सेक्टर-39 में रहने वाले एक कारोबारी को एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए एक अनजान शख्स का मैसेज आया। उसने खुद को शेयर मार्केट ट्रेडिंग में माहिर और निवेश सलाहकार बताया। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और उस शख्स ने कारोबारी को एक मोबाइल ऐप पर ट्रेडिंग के लिए रजिस्ट्रेशन करने को कहा।

शुरुआती दिनों में कारोबारी ने थोड़ी रकम निवेश की, जिसके बाद ऐप पर उन्हें मुनाफा दिखाया गया। लाभ देखकर कारोबारी को भरोसा हो गया और उन्होंने कई बार में कुल मिलाकर 35 लाख रुपये तक का निवेश कर दिया।

एक समय के बाद कारोबारी ने जब अपने पैसे निकालने चाहे, तो न तो उन्हें पैसे मिले और न ही ऐप काम कर रहा था। जब उन्होंने उस व्यक्ति से संपर्क करना चाहा, तो उसका फोन और सोशल मीडिया अकाउंट दोनों बंद मिले। उन्हें तब समझ आया कि उनके साथ धोखाधड़ी हो चुकी है।

करोड़ों के इस फर्जीवाड़े की शिकायत के बाद नोएडा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, यह एक संगठित साइबर अपराध का मामला है, जिसमें फर्जी मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करके लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अब तेजी से बढ़ रही हैं, और लोगों को सोशल मीडिया पर मिलने वाले किसी भी निवेश सुझाव पर बिना जांच परख के भरोसा नहीं करना चाहिए।

फिलहाल पुलिस ने आईपीसी और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)