• Wed. Mar 11th, 2026

नोएडा: इंटरनेशनल व डोमेस्टिक टर्मिनल नाम से बनेंगे नए थाने, 35 पुलिसकर्मियों की मिली स्वीकृति माई

ByAnkshree

Dec 17, 2025
नोएडा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए दो नए थाने बनेंगे। इंटरनेशनल व डोमेस्टिक टर्मिनल नाम से नए थाने बनाए जाएंगे। शासन से इन दोनों थानों की मंजूरी मिल गई है। अब इसकी तैयारी की जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस जल्द ही दोनों नए थानों में एसएचओ से लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती करेगी। डोमेस्टिक थाने के लिए 35 पुलिसकर्मियों की स्वीकृति मिल गई है।

जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और लगातार कार्य प्रगति पर है। जल्द ही यहां से उड़ान शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए पुलिस व सुरक्षा व्यवस्था की भी तैयारी की जा रही है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर दो थानों के निर्माण की मंजूरी शासन से मिल गई है। दोनों थाने इंटरनेशनल व डोमेस्टिक टर्मिनल के नाम से होंगे।

4 अस्थाई नई पुलिस चौकियों का सृजन : नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास 4 अस्थाई नई पुलिस चौकियों की स्थापना की गई है। कोतवाली जेवर क्षेत्र में जेवर इंटरचेंज, थाना रबूपुरा क्षेत्र करौरल अंडरपास, थाना दनकौर क्षेत्र अच्छेजा कट और थाना दादरी क्षेत्र में बील कट की स्थापना की जा चुकी है। जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन पर 1 निरीक्षक, 2 उपनिरीक्षक, 9 मुख्य आरक्षी, 3 कंप्यूटर ऑपरेटर, 15 आरक्षी, 2 आरक्षी चालक व 3 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति की स्वीकृति मिल गई है। वहीं अस्थाई पुलिस चौकियों पर कुल 49 पुलिस कर्मियों को तैनात किया जा चुका है।



डीसीपी एयरपोर्ट की भी जल्द होगी तैनाती : नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा के लिए डीसीपी एयरपोर्ट का भी पद सृजन किया जा रहा है। इसका प्रस्ताव भी शासन के पास है। कुछ दिन में इसकी भी मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद डीसीपी एयरपोर्ट के पद पर तैनाती की जाएगी। अभी नोएडा कमिश्नरेट में तीन जोन हैं। इन जोन में डीसीपी तैनात हैं।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )