दिल्ली विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। इस दौरान विपक्ष के विधायकों द्वारा हंगामा करने पर स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने सख्स एक्शन लिया। आम आदमी पार्टी के चार विधायकों को अगले तीन दिन के लिए सदन कि कार्यवाही से निष्कासित कर दिया।
दिल्ली विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र सोमवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। सत्र की शुरुआत में ही एलजी के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के विधायकों ने वायु प्रदूषण के मुद्दे पर हंगामा किया। इस हंगामे के कारण स्पीकर को कार्रवाई करनी पड़ी और विपक्ष के विधायकों को सदन से बाहर निकलवाना पड़ा। हंगामा करने के चलते आप विधायकों संजीव झा, कुलदीप कुमार, सोमदत्त और जरनैल सिंह को अगले 3 दिन के लिए सदन कि कार्यवाही से निष्कासित कर दिया गया है। विधानसभा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। आम आदमी पार्टी वायु प्रदूषण के मुद्दे पर भारतीय भाजपा सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है, और इसी के चलते सदन में आप के विधायक मास्क लगाकर पहुंचे। यह शीतकालीन सत्र 8 जनवरी तक चलेगा, हालांकि जरूरत पड़ने पर इसे बढ़ाया भी जा सकता है।
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘महात्मा गांधी के सर्वोदय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय तथा बाबासाहब अम्बेडकर के समता के सिद्धांतों के अनुरूप पिछले 10 महीनों में सरकार ने दिल्ली के सभी नागरिकों के कल्याण की दिशा में अनेक निर्णय लिए हैं। इस वर्ष सरकार ने 1 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत किया। सरकार ने इज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत व्यवसायिक प्रक्रियाओं को भी सरल बनाया है।’
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा, ‘विधानसभा सत्र आज से शुरू हो रहा है, और मुझे बहुत खुशी है कि सरकार ने पिछले 10 महीनों में दिल्ली में बहुत काम किया है। कई पुरानी समस्याएं हैं जिनका सरकार सामना कर रही है, लेकिन मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में नतीजे दिखेंगे। दिल्ली में प्रदूषण की समस्या है, यमुना नदी की सफाई की समस्या है, और सड़कों की समस्या है जिन्हें लंबे समय तक नज़रअंदाज़ किया गया था। इन सभी चीज़ों में समय लगता है। सरकार तत्परता से काम कर रही है।’