दिल्ली और एनसीआर वासियों को भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को थोड़ी राहत मिली है। शाम 4 बजे के बाद कई इलाकों में बूंदाबांदी की जानकारी मिली। फरीदाबाद में भी मौसम ने अचानक करवट लिया और तेज हवा चलने के बाद बारिश शुरू हो गई। इसके बाद नोएडा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिसके बाद कई इलाकों में शुरुआती दौर में ट्रैफिक भी देखने को मिला ।
मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी सहित नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम आदि में येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग ने गरज के साथ हल्की बारिश की चेतावनी जारी की। वहीं आसपास के इलाकों में भी बारिश की संभावना है।
विभाग के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं, अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए कहा कि राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों और पड़ोसी पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती स्थिति बनने के कारण धुंध और बादल छाए हुए हैं।