श्रमिकों के वेतन मामले के बाद अब रोजगार मेलों में आने वाली कंपनियों को भी तय मानक के अनुसार ही वेतन देना होगा। तय वेतन से कम का ऑफर लेटर देने पर कंपनी ब्लैकलिस्ट कर दी जाएगी। यह बातें नालेज पार्क स्थित एचआईएमटी कॉलेज में जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने कहीं।
उन्होंने बताया कि कॉलेज परिसर में 21 और 22 अप्रैल को मेगा जॉब फेयर लगने जा रहा है। जिसमें 65 से अधिक कंपनियां युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगी। उन्हें बेहतर पैकेज मिले इसके लिए सभी मानकों को पूरा करना होगा।
उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में सरकार के ओर से सैलरी तय कर दी गई है। कई बार शिकायत मिलती है कि अधिक की सैलरी का ऑफर देकर कंपनियां कम सैलरी दे रही हैं। इसके लिए जिला सेवायोजन कार्यालय कॉलेज के साथ मिलकर रोजगार मेला लगवा रहा है।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। एचआईएमटी कॉलेज के चेयरमेन एचएल बंसल ने बताया कि पुणे के साथ दिल्ली, फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, बिजनौर, मुरादाबाद, मेरठ, गुरुग्राम,बुलंदशहर और मथुरा जैसे शहरों से युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। उन्होंने बताया कि अब तक 4000 से अधिक रजिस्ट्रेशन मिल चुके हैं