• Mon. Apr 20th, 2026

UP : Gautam Budh Nagar जिलाधिकारी ने ईएसआईसी अस्पताल, सेक्टर 24 नोएडा का किया निरीक्षण…

ICN Network : NCR

ईएसआईसी अस्पताल में श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं हेतु जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित

जिलाधिकारी ने ईएसआईसी अस्पताल, सेक्टर 24 नोएडा का किया निरीक्षण

 जनपद के श्रमिकों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा ईएसआईसी अस्पताल, सेक्टर 24, नोएडा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों के साथ बैठक कर श्रमिकों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।
 बैठक में जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की स्थिति, समयबद्ध उपचार व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं।
    इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया, जिसमें ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, इमरजेंसी वार्ड, लैब एवं कैंटीन सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं शामिल रहीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद करते हुए अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
   जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से डॉक्टरों की उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता एवं दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति तथा कैंटीन में मरीजों के लिए तैयार किये जा रहे खाने की गुणवत्ता एवं कैंटीन में आने वाले पैकेजिंग फूड पर एक्सपायरी डेट आदि की निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
   उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल की सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के लिए सभी चिकित्सक एवं स्टाफ पूर्ण ज़िम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता परिलक्षित होती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
   इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ नरेंद्र कुमार, निदेशक ईएसआईसी हरमन कौर, एसीएमओ चंदन सोनी, ईएसआईसी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकगण एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
  सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)