• Mon. May 4th, 2026

ग्रेटर नोएडा: टेकजोन-4 की दो सड़कों को चौड़ा करने का काम हुआ शुरू

ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर टेकजोन-4 की 11 सोसाइटियों के निवासियों को जल्द ही जाम और धूल से निजात मिलेगी। इसका समाधान करने के लिए प्राधिकरण ने सेक्टर की दो सड़कों के चौड़ीकरण कराने का फैसला किया है। रविवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दोनों सड़कों के चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया। चौड़ीकरण का कार्य जून तक पूरा हो जाएगा। वहीं प्राधिकरण के अफसरों ने बताया कि अभी दोनों सड़कें 7 मीटर चौड़ी है। काम पूरा होने के बाद सड़कें 10.50 मीटर से 12 मीटर चौड़ी हो जाएंगी।

ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर टेकजोन-4 के निवासी जाम और धूल की समस्या से परेशान हैं। सबसे ज्यादा समस्या रॉयल नेस्ट सोसाइटी से सर्वोत्तम स्कूल और चोरी काउंटी से आम्रपाली सेंचुरियन पार्क सोसाइटी वाली सड़क से हो रही थी। दोनों सड़कें टूट चुकी हैं। दाेनों सड़कों पर 11 से अधिक सोसाइटी और 8 से अधिक स्कूल है। रोजाना बड़ी संख्या में सड़कों से वाहन निकलते है। सड़क टूटी होने के कारण धूल उड़ती रहती है। साथ ही यातायात का दबाव बढ़ने के कारण जाम की समस्या भी बढ़ रही है। स्थानीय निवासियों की समस्या को देखकर प्राधिकरण ने दोनों सड़कों को चौड़ा करने का फैसला लिया।
करीब 4.29 करोड़ रुपये की लागत से दोनों सड़कों को चौड़ा करने का काम शुरू हो गया है। रविवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर ने इसका शुभारंभ किया। उनके साथ सांसद प्रतिनिधि संदीप शर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश चौहान, महिला मोर्चा अध्यक्ष संगीता तिवारी समेत अन्य मौजूद रहें।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )