• Tue. May 5th, 2026

दिल्ली: सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश, पानी, कूलिंग और ओआरएस की व्यवस्था पर जोर

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव के खतरे को देखते हुए व्यापक एक्शन प्लान जारी किया है। सभी विभागों और जोनों को एहतियाती कदम उठाने और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। यह एडवाइजरी वर्ष 2026 के ग्रीष्मकाल में नागरिकों और कर्मचारियों को लू से बचाने के उद्देश्य से जारी की गई है। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि अत्यधिक तापमान का स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है, खासकर बाहर काम करने वालों पर। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के ‘हीट वेव एक्शन प्लान-2026’ के तहत सभी कार्यालयों, स्कूलों, डिस्पेंसरी और सामुदायिक केंद्रों में ठंडे पेयजल, पंखे, कूलर और जरूरत पड़ने पर एसी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी पानी की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी। पार्कों में लोगों के साथ-साथ पक्षियों और जानवरों के लिए पानी रखना अनिवार्य किया गया है। निर्माण स्थलों पर मजदूरों के लिए शेड, ठंडा पानी और ओआरएस किट उपलब्ध कराना ठेकेदारों की जिम्मेदारी होगी।

सफाई कर्मियों और माली वर्ग के कर्मचारियों को भी ओआरएस किट देने और उनके कार्य समय में बदलाव के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, अस्पतालों में ओपीडी और प्रतीक्षालयों में कूलिंग व्यवस्था मजबूत करने और वार्ड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। सभी विभागों को एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर इन व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )