• Tue. May 5th, 2026

ग़ाज़ियाबाद: मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा

मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। शहर के सरकारी अस्पतालों में चक्कर आना, उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतों के साथ पहुंचने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। डॉक्टरों का कहना है कि दिन और रात के तापमान के बीच बढ़ता अंतर शरीर के संतुलन को बिगाड़ रहा है। इससे वायरल और पेट संबंधी बीमारियां फैल रही हैं।

एमएमजी अस्पताल के फिजिशियन आलोक रंजन के अनुसार, पहले जहां रोजाना 30-35 मरीज ऐसे लक्षणों के साथ आते थे, अब यह संख्या 50 के पार पहुंच गई है। इनमें से करीब 20 मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। कुल मिलाकर मरीजों की संख्या में करीब 45 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। ज्यादातर मरीज शुरुआत में चक्कर की शिकायत लेकर आते हैं। इसके बाद उल्टी और तेज पेट दर्द की समस्या सामने आती है।

एमएमजी अस्पताल में सोमवार को 2395 नए मरीजों ने इलाज कराया। इनमें 1127 महिलाएं, 784 पुरुष और 448 बच्चे शामिल रहे। इमरजेंसी में 122 मरीज पहुंचे, जिनमें से 105 को भर्ती करना पड़ा। 253 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। संयुक्त अस्पताल में भी 896 मरीजों ने उपचार कराया। इससे बढ़ते दबाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ओपीडी में महिला को आया चक्कर, भीड़ के कारण करना पड़ा इंतजार
मरीजों की बढ़ती भीड़ के बीच अस्पतालों की अव्यवस्थाएं भी सामने आईं। लालकुआं से आई एक महिला को चक्कर आने के बाद ओपीडी में लंबा इंतजार करना पड़ा। भीड़ के कारण इलाज में देरी हुई, जिस पर परिजनों ने नाराजगी जताई। डॉक्टरों की सलाह है कि इस मौसम में खानपान और दिनचर्या को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है। बाहर का खाना खाने से बचें, केवल साफ और सुरक्षित पानी पिएं। शरीर को हाइड्रेट रखें और हल्का व सुपाच्य भोजन करें। साथ ही अचानक तापमान बदलाव से बचने के लिए उपयुक्त कपड़े पहनें और लक्षण दिखते ही डॉक्टर से सलाह लें।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )