• Wed. Jun 3rd, 2026

दादरी: 1.80 करोड़ मांगने का विरोध, पत्नी समेत छह पर प्राथमिकी

मायचा गांव के एक परिवार से एक करोड़ 80 लाख रुपये मांगने का विरोध करने पर युवक की शिकायत पर उसकी पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित हैप्पी ने बताया कि उनकी और उनके भाई सागर की शादी दो दिसंबर 2019 को नवादा गांव निवासी काजल और मनीषा के साथ हुई थी। शादी बिना दान-दहेज के संपन्न हुई थी। विवाह के दौरान हैप्पी के पिता ने दोनों बहुओं को उपहार स्वरूप आभूषण और अन्य कीमती सामान दिए थे।
शादी के बाद मनीषा ने अपने पति सागर के साथ वैवाहिक संबंध बनाने से मना कर दिया, जिससे परिवार में तनाव बढ़ गया। परिजनों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। परिवार का आरोप है कि मनीषा बिना बताए घर से आती-जाती रही, जिसका परिजनों ने विरोध किया। वहीं काजल भी अपनी बहन का साथ देती रही, जिससे करीब एक वर्ष तक परिवार में विवाद बना रहा।
शिकायत के अनुसार, इसके बाद दोनों बहनों ने परिवार से एक करोड़ 80 लाख रुपये की मांग की। दोनों बहनों के परिजनों ने भी द्वारा भी धमकियां दिलवाईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हैप्पी के पिता हरिराम पर मानसिक दबाव बनाया गया, जिसके चलते उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि हैप्पी ने विजय, ओमप्रकाश, आजाद, नितिन, काजल और मनीषा के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में लगी है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )