नोएडा से ग्रेनो वेस्ट के बीच ट्रैफिक सुगम बनाने के लिए हिंडन पुल के ऊपर खराब हुई सड़क को ग्रेनो प्राधिकरण ने बनाना शुरू किया है। इसके लिए एक-एक लेन बंद कर सड़क का निर्माण होगा। ऐसे में यहां आंशिक रूप से ट्रैफिक बाधित रहेगा। प्राधिकरण का कहना है कि आंशिक डायवर्जन लागू किया गया है। इससे जाम की भी स्थिति पीक आवर्स में यहां बन रही है।जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि बैरिकेडिंग कर सड़क पर मिलिंग का काम अभी कराया गया है। मंगलवार से यहां सड़क की रीसर्फेसिंग का काम भी शुरू होगा। यह काम हिंडन पुल पर दोनों तरफ होना है। इससे चार मूर्ति चौक से नोएडा के तरफ जाने और नोएडा से चार मूर्ति चौक की तरफ आने पर सड़क की एक-एक लेन बंद कराई जाए। यहां सड़क काफी क्षतिग्रस्त है। ऐसे में काम कराया जाना जरूरी है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार की मंशा है कि हिंडन पुल पर सड़क का काम भी गौड़ चौक अंडरपास के साथ ही पूरा कर लिया जाए। इससे वाहनों की आवाजाही बेहतर हो सकेगी। ट्रैफिक पुलिस के सुझाव पर नोएडा से चार मूर्ति चौक की तरफ की आने की सड़क पर अभी काम शुरू होगा। यहां एक-एक लेन बंद कर सड़क बनाई जाएगी। सोमवार को इसका ट्रायल भी ट्रैफिक पुलिस के साथ प्राधिकरण ने किया। एक लेन का काम पूरा होने के बाद दूसरे लेन को बंद कर काम शुरू कराया जाएगा। करीब 45 दिन तक इससे ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है। वाहन चालकाें से प्राधिकरण ने इस दौरान वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने के लिए अपील की है जिससे हिंडन पुल पर ट्रैफिक नियंत्रित रखा जा सके।

