थानाक्षेत्र के लाजपत नगर स्थित ए ब्लॉक निवासी बीटेक छात्र त्रिदेव शर्मा से बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने छात्र को थप्पड़ मारकर मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। घटना के दौरान बदमाशों के हाथ में कोई नुकीली वस्तु थी और इस वजह से छात्र का गाल भी कट गया। वारदात के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की, लेकिन चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने लूट के बजाय गुमशुदगी दर्ज कराने की बात कही। साथ ही बदमाशों को पकड़ने के लिए भी कोई प्रयास नहीं किया। वारदात 8 जून की सुबह की है, पुलिस ने 10 जून की रात प्राथमिकी दर्ज की है।
दर्ज मामले में त्रिदेव शर्मा ने बताया कि वह बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र हैं और सोमवार सुबह करीब 11ः15 बजे जिम से लौट रहे थे। जेएमडी स्टोर के पास बाइक सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे। उन्होंने मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने गाल पर थप्पड़ मारकर हाथ से मोबाइल फोन लूटकर ले गए। बदमाशों ने हाथ में कोई नुकीला हथियार ले रखा था और उससे गाल कट गया। वह घटना के बाद पास में चौकी पर गए तो पुलिसकर्मियों को लूट की जानकारी दी, लेकिन उन्होंने बदमाशों को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया। पीड़ित ने तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद घटना की जानकारी उन्होंने अपने पिता अधिवक्ता हरीश कुमार शर्मा का दी। वह थाने लेकर गए तो मामला दर्ज किया गया। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और उसकी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी। यदि लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।

