• Wed. Jun 17th, 2026

यमुना सिटी: सोसाइटी के कई टावरों में लिफ्ट कंट्रोल पैनल टूटे पड़े

यमुना सिटी की 22डी सोसाइटी में रखरखाव और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोसाइटी के कई टावरों में लिफ्ट कंट्रोल पैनल टूटे पड़े हैं, जिससे निवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कई मंजिलों पर लगे पैनल क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को लिफ्ट बुलाने और उसकी स्थिति की जानकारी प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। निवासियों का आरोप है कि कुछ अराजक तत्वों ने पैनलों को नुकसान पहुंचाया है, लेकिन पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण जिम्मेदार लोगों की पहचान नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कमजोर है और निगरानी तंत्र के अभाव में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने टावरों, लिफ्टों और सार्वजनिक स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।वहीं, सोसाइटी में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। कई स्थानों पर नेटवर्क सिग्नल बेहद कमजोर हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में कॉल करना और इंटरनेट चलाना भी मुश्किल हो जाता है।

इसका असर वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान और अन्य जरूरी कार्यों पर पड़ रहा है। निवासियों का कहना है कि आधुनिक आवासीय क्षेत्र होने के बावजूद मूलभूत डिजिटल सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों ने प्राधिकरण और संबंधित अधिकारियों से जल्द समाधान की मांग करते हुए कहा है कि सुरक्षा और कनेक्टिविटी दोनों समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )