इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने दो कंपनियों में चोरी की वारदात का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का माल, एक स्कूटी व एक बाइक बरामद की है। वहीं इन दो कंपनी में से एक कंपनी में 9 जून की रात चोरी हुई थी। जबकि प्राथमिकी 17 जून को दर्ज किया गया और 18 जून को पुलिस ने खुलासा कर दिया। उद्यमियों में पुलिस की इस कार्यशैली से नाराजगी है। हालांकि वारदात को खुलासा होने पर उनको राहत मिली है।
इकोटेक-3 के उद्योग केंद्र-2 के प्लॉट नंबर 172 ए में 9 जून की रात चोरी हुई थी। कंपनी में वायरिंग हार्नेस मैन्युफैक्चरिंग का काम होता है। चोर कंपनी से 150 किग्रा कीमती कॉपर की वायर चोरी कर ले गए थे। जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की। जिस पर 17 जून की रात केस दर्ज किया गया। वहीं दूसरी घटना 16 जून की देर रात एएस पावर सॉल्यूशन की है। यहां सोलर स्ट्रीट लाइट बनाने का काम होता है। सोनू कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने 17 जून की शाम केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों कंपनी में चोरी की वारदात का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान वसीम निवासी उत्तरांचल विहार लोनी बॉर्डर गाजियाबाद, शाहरुख निवासी पुराना कठेरा मोड़ दादरी और रिहान निवासी मेवाती मोहल्ला कस्बा दादरी के रूप में हुई है। इकोटेक-3 कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपियों के पास से सामान्य तार के 27 बंडल, मोटे बिजली के तार के 4 बंडल, कटपीस बिजली के तार के 6 कट्टे, बिजली की खोखली तार, 4 किग्रा कॉपर तार और 9500 रुपये नकद बरामद हुए है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक बाइक बरामद की है। पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

