• Sun. Jun 21st, 2026

नोएडा: ऑफिस और सोसाइटियों में लोगों ने सामूहिक रूप से किया योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरा शहर योगमय हो गया। घर से लेकर पार्क, ऑफिस और सोसाइटियों में लोगों ने सामूहिक रूप से योग किया। ग्रेनो का मुख्य कार्यक्रम शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ। पिछड़ा व दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप मुख्य अतिथि रहे। दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, डीएम मेधा रूपम, एसीईओ प्रेरणा सिंह समेत अन्य अधिकारी और सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास किया।
दादरी में रेलवे रोड स्थित वृंदावन गार्डन, शेफाली पब्लिक स्कूल और एनटीपीसी परिसर में आयोजन हुआ। कई जगह औषधीय पौधों का वितरण व हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। जिला कारागार में जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार की अगुआई में कार्यक्रम हुआ।सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन, ग्रेटर नोएडा और सेंट्रल नोएडा जोन के थानों के अलावा 49वीं वाहिनी पीएसी में योग का आयोजन किया गया।

ग्रेनो और ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर और सोसाइटियों में भी योग दिवस मनाया गया।
गौड़ सौंदर्यम, आम्रपाली ड्रीमवैली, पूर्वांचल सिल्वर सिटी-2, निराला ग्रीनशायर, एसकेए मेट्रो विला, इको विलेज, गौड़ सिटी वन और 2 समेत सभी सोसाइटियों में लोगों ने योग किया। रायन इंटरनेशनल स्कूल, शारदा विश्वविद्यालय, कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में विशेष योग सत्र हुआ। शारदा विश्वविद्यालय में 500 से अधिक छात्रों, शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने योगाभ्यास किया।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )