• Mon. Jun 22nd, 2026

नोएडा: लाखों रुपये का सामान जलकर राख

फेज-1 थानाक्षेत्र के सेक्टर-9 स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में रविवार शाम आग लग गई। आग तीन मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर लगी, जहां इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल सामान का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था। देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि रविवार शाम करीब 5:15 बजे सेक्टर-9 स्थित बी-29 में संचालित शिवा इलेक्ट्रिकल्स में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां और फेज-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। तीसरी मंजिल से अचानक धुआं और लपटें उठती देख कंपनी के कर्मचारियों और आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पानी की बौछार करने के बाद भी आग कम नहीं हुई। फ्लोर पर रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग बढ़ती ही चली गई। दो घंटे के बाद आग शांत हो पाई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग से लाखों रुपये मूल्य का इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गया। नुकसान का सही आकलन जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )