ईस्ट पटेल नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल में दिल्ली का पहला मॉडल इंटीग्रेटेड न्यूट्रिशन सेंटर बनाया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इसका उद्घाटन किया। इसमें एलोपैथी, आयुष, होम्योपैथी, यूनानी एवं योग जैसी विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों को एकीकृत किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह केंद्र दिल्ली में पोषण सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है।
यह केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे परिवारों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य दिल्ली के प्रत्येक जिले में ऐसे केंद्र स्थापित करना है, ताकि एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण सुविधाओं का लाभ सबको मिल सके। आयुष पद्धतियां रोगों की रोकथाम, स्वास्थ्य देखभाल, मानसिक स्वास्थ्य, चिकित्सीय हस्तक्षेप और समग्र स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। दिल्ली सरकार ऐसा स्वास्थ्य तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

