उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार जारी हीटवेव (लू) के प्रकोप को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर के बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है। जिले के सभी बोर्ड के कक्षा पहली से आठवीं तक के स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। नए आदेश के अनुसार, अब सभी विद्यालय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे ताकि बच्चों को दोपहर की झुलसाने वाली धूप से बचाया जा सके।सभी बोर्डों पर समान रूप से लागू होगा बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राहुल पंवार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि समय में किया गया यह बदलाव केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा।
यह नियम सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड समेत जिले में संचालित सभी बोर्ड के निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों पर भी समान रूप से लागू होगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी शिक्षण संस्थानों को इन नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे खासकर छोटे बच्चों को काफी परेशानी हो रही थी। इस गंभीर समस्या को देखते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी (डीएम) मेधा रूपम से मुलाकात की थी और स्कूलों का समय बदलने की पुरजोर मांग की थी।

