बृहस्पतिवार सुबह करीब 9 बजे सेक्टर-58 में बारिश और जलभराव के बीच ऑफिस जा रहे इंजीनियर की नाले में गिरने से मौत हो गई। मूलरूप से फार्रुखाबाद निवासी आर्यन (27) सड़क पर जलभराव की बीच नाले के स्लैब पर चलते हुए ऑफिस जा रहे थे। स्लैब भी पानी में डूबे थे। रास्ते पर टूटे स्लैब के कारण वह नाले में गिर गए। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस ने विसरा सुरक्षित रख लिया है
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चौड़ा गांव निवासी आर्यन सेक्टर-58 स्थित लोहे का उत्पाद बनाने वाली कंपनी में टेक्निकल सुपरवाइजर थे। हाल ही में उन्होंने बीटेक पास किया था। बृहस्पतिवार सुबह मूसलाधार बारिश के बीच सेक्टर-58 की कई सड़कें पानी में डूब गई थीं। सड़क पर घुटनों तक पानी भरा होने के कारण आर्यन नाले के ऊपर बने स्लैब के सहारे आगे जा रहे थे।

