• Mon. Jul 13th, 2026

ग्रेटर नोएडा: डीएम दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप

गौतमबुद्धनगर के जिला अधिकारी (डीएम) कार्यालय को सोमवार को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड), डॉग स्क्वाड, एंटी सेबोटाज (एएस) चेक टीम और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया

सुरक्षा एजेंसियों ने डीएम कार्यालय परिसर और भवन के भीतर सघन तलाशी अभियान चलाया। कार्यालय के विभिन्न कमरों, परिसर और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई। कई घंटे तक चली जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि धमकी किसी शरारती तत्व की करतूत है या इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य है।फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। डीएम कार्यालय में शांति व्यवस्था कायम है और सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। लोग किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )