गौतमबुद्ध नगर के स्कूलों में अब मौसम की स्थिति के आधार पर आउटडोर गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा। तापमान सामान्य रहने और मौसम अनुकूल होने पर विद्यालय सुबह 10 बजे के बाद भी खेलकूद और अन्य बाहरी कार्यक्रम करा सकेंगे। वहीं, भीषण गर्मी और तेज धूप की स्थिति में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए सभी गतिविधियां सुबह 10 बजे से पहले पूरी करनी होंगी।
गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों को प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य आउटडोर गतिविधियां सुबह के समय कराने के निर्देश दिए थे। अब मौसम में बदलाव और तापमान में कमी को देखते हुए स्कूलों को कुछ राहत दी गई है।

