मुंहपका-खुरपका बीमारी की रोकथाम के लिए चलने वाले टीकाकरण अभियान के दौरान टीका लगाने के बाद पशु के साथ पशुपालक की सेल्फी मौके पर ही पोर्टल पर अपलोड होगी। अभियान 22 जुलाई से शुरू होगा। जिले में 2,38,360 पशुओं का टीकाकरण होना है। इसके लिए 22 टीम लगाई गई है। टीकाकरण करने पर प्रत्येक पशु पर पांच रुपये मानदेय पैराविट को दिया जाएगा। पहले चरण में जिले की गोशालाओं में 9,764 गोवंश के टीका लगाया जाएगा।
उसके बाद गांव-गांव में जाकर टीकाकरण होगा। यह अभियान 45 दिन तक चलेगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. अरुण कुमार सचान ने बताया कि मुंहपका-खुरपका बरसात के दौरान होती है और पशुओं में तेजी से फैलती है।

