• Wed. Sep 30th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

दिल्ली: बच्चों के शौक के लिए चोर बना बाप

बच्चों की कार की चाहत को पूरा करने के लिए एक शख्स ने कैब में चल रही हुंडई एक्सेंट कार की चुरा ली। कैब को बुक करने के बाद आरोपी विनय हांडा ने करोलबाग से एक मोबाइल खरीदा और फिर दुकान में सिम देखने के बहाने चालक को भेजकर कार लेकर रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने कैब बुक करने वाले मोबाइल नंबर और सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी को तिलक नगर से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने कार को पेंट कर दिया था और उस पर से नंबर प्लेट हटा दी थी।

पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 25 जुलाई को मोती नगर थाने में रैपिडो में चलने वाली हुंडई एक्सेंट कार चोरी होने का मामला दर्ज किया गया। जिसमें बताया गया कि कैब बुक कराने वाला ही कार लेकर भागा है। थाना प्रभारी सुनील कुमार की देखरेख में टीम ने कार बुक करने वाले नंबर और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने विकासपुरी के रहने वाले 46 साल के विनय हांडा को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की गई कार बरामद कर ली। पुलिस ने देखा कि आरोपी ने पुलिस से बचने और वाहन की पहचान छिपाने के लिए कार को पेंट करवा दिया था और उसकी नंबर प्लेट भी हटा दी थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके बच्चे लगातार कार की मांग कर रहे थे।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )