सेक्टर-20 थाने की पुलिस और एसओजी टीम ने ई-कॉमर्स कंपनियों का सामान चोरी कर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से करीब 75 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद हुआ। दावा है कि आरोपी अब तक एक हजार से अधिक ग्राहकों के साथ फर्जीवाड़ा कर चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह पिछले तीन से चार महीने से फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसी कंपनियों का सामान चोरी कर रहा था। डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि सेक्टर-69 से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान वासिद खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और रघुराज सिंह के रूप में हुई। गिरोह का मुख्य सरगना वासिद खान है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी का सामान खरीदने और बेचने का काम करता था। कुछ डिलीवरी ब्वॉय भी इस पूरे खेल का हिस्सा थे।पुलिस के अनुसार डिलीवरी ब्वॉय ई-कॉमर्स कंपनियों के हब से ग्राहकों के लिए सामान लेकर निकलते।
रास्ते में वे महंगे सामान को निकाल लेते और उसकी जगह सस्ता सामान या खाली पैकेट रख देते। इसके बाद वही पैकेट ग्राहक तक पहुंचा दिया जाता। कई मामलों में ग्राहक को पैकेट खोलने पर अंदर गलत सामान मिलता, जबकि कुछ मामलों में खाली पैकेट भी पहुंचा। चोरी किया गया असली सामान डिलीवरी ब्वॉय वासिद खान और उसके साथियों को दे देते। इसके बाद गिरोह के सदस्य इन सामानों को कम कीमत पर दूसरे ग्राहकों को बेच देते।
नकली सामान भी बरामद हुआ : पुलिस ने आरोपितों के ठिकाने से चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में करीब 39 बड़े प्रोटीन के डिब्बे, 15 वन व्हे कंपनी के डिब्बे, 165 पैकेट बेबी वाइप्स, 18 जोड़ी जूते, 14 कान की मशीनें, तीन शुगर जांच मशीनें, चार बीपी जांच मशीनें, एक प्रोटीनेक्स का डिब्बा और फ्लिपकार्ट व अमेजन के सामान से भरा एक बोरा शामिल है। फ्लिपकार्ट व अमेजन के खाली पैकेट और रैपर भी बरामद किए गए। कुछ सामान नकली भी था।

