देश की राजधानी दिल्ली में पांच मंजिला इमारत कैसे गिरी, इसकी वजह सामने आ गई है। जांच में यह बात सामने आई है कि इमारत में भूतल पर बनी दो दुकानों को एक करके हॉल बनाने का काम चल रहा था। जैसे ही बीमा को निकाला गया, इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इमारत हादसे में छात्रों समेत सात लोगों की मौत हुई है जबकि पांच लोग घायल हैं। पुलिस ने मामले में अब तक इमारत मालिक, पीजी संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच जारी है। सत्य निकेतन स्थित पीजी इमारत के बेसमेंट में पानी के रिसाव (सीपेज) की पुरानी समस्या थी। इसके अलावा भूतल पर बनी दो दुकानों को एक करने के लिए हॉल बनाया जा रहा था।
भूतल को किसी कैमिस्ट को किराये पर दे दिया गया था। दो दुकानों को एक करने के प्रयास में बीच का बीम हटा दिया गया जिस कारण इमारत जमींदोज हो गई। हालांकि इमारत के बेसमेंट को भर दिया गया था। दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस ने दिल्ली सरकार व अन्य एजेंसियों को इलाके में स्थित इमारतों का तत्काल प्रभाव से सुरक्षा ऑडिट करने के लिए पत्र लिखा है।

