महाराष्ट्र में मतदाता सूची को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। अगर आपके नाम, पते या दूसरी जानकारियों में कोई गलती है या वोटर लिस्ट में आपका नाम नहीं है, तो उसे ठीक कराने के लिए 12 अक्टूबर 2026 तक का समय है। ऐसे में मतदाताओं के लिए यह जरूरी है कि वे तय समय के अंदर अपनी जानकारी जांच लें और जरूरी बदलाव करा लें।
घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जांचेंगे अधिकारी
मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया यानी SIR के तहत अधिकारियों की ओर से मतदाताओं के रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। जिन लोगों की जानकारी में गड़बड़ी मिलेगी, उनसे जरूरी दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। इस प्रक्रिया का मकसद मतदाता सूची में दर्ज जानकारी को सही करना है।
वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो क्या करें?
अगर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में आपका नाम नहीं मिलता है, तो नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म 6 भरकर आवेदन किया जा सकता है। वहीं, पहले से दर्ज नाम, पते या दूसरी जानकारियों में सुधार कराने के लिए फॉर्म 8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसलिए समयसीमा खत्म होने से पहले अपनी जानकारी जरूर जांच लें, ताकि भविष्य में वोट डालने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

