मुंबई पुलिस ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर नया आदेश जारी किया है। 20 से 22 अक्टूबर 2026 तक पानी में तैरती या आधी डूबी दुर्गा प्रतिमाओं की तस्वीरें लेने, वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने पर रोक रहेगी।
पुलिस के मुताबिक, विसर्जन के दौरान कई बार प्रतिमाएं पूरी तरह पानी में नहीं डूब पातीं और बहकर किनारे आ जाती हैं। इसके बाद नगर निगम के कर्मचारी उन्हें दोबारा विसर्जन के लिए ले जाते हैं।
ऐसे दृश्यों की तस्वीरें या वीडियो वायरल होने से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और तनाव बढ़ने की आशंका रहती है। इसी वजह से पुलिस ने यह कदम उठाया है।
यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जारी किया गया है। इसका मकसद शहर में शांति बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना है।

