• Sat. Sep 26th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

दिल्ली: एक ट्यूटर ने छात्रा के घर से 50 लाख रुपये से अधिक के जेवर चुराए

बाहरी जिला के पश्चिम विहार ईस्ट में एक महिला ट्यूटर ने अपनी छात्रा के घर से 50 लाख से अधिक के सोने-हीरे के जेवरात चोरी कर लिए। परिवार को पता चला तो फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की। बाद में आरोपी ट्यूटर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से 6 सोने की चेन, सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चूड़ियां, सोने के दो सेट और काफी सारे हीरे के जेवरात बरामद हो गए।

पूछताछ के दौरान महिला ट्यूटर ने खुलासा किया है कि उसने अलमारी खुली देखी तो उसकी नीयत खराब हो गई। बाद में वह चुपचाप जेवरात चोरी कर फरार हो गई। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस को चोरी के संबंध में एक शिकायत मिली थी। पश्चिम पुरी में रहने वाले एक परिवार ने बताया कि उनके घर से किसी ने 50 लाख से अधिक के जेवरात चोरी कर लिए हैं। फौरन मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

छानबीन में पुलिस को पता चला कि घर में छठी कक्षा की छात्रा को पढ़ाने के लिए पश्चिम पुरी से ही एक ट्यूटर आती है। परिजनों ने उस पर ही शक जाहिर किया था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। छानबीन के बाद टीम आरोपी 35 वर्षीय ट्यूटर के घर पर पहुंची। पुलिस ने उससे पूछताछ की।

शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसके घर से ही सारे जेवरात और अन्य कीमती सामान बरामद हो गया। ट्यूटर ने बताया कि उसे कुछ देर के लिए लालच आ गया था। इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )