• Tue. Jun 23rd, 2026

नोएडा: टेलीग्राम के जरिए निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 13.31 लाख रुपये की ठगी 

साइबर जालसाजों ने टेलीग्राम के जरिए निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 13.31 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पहले पीड़ित को अधिक लाभ का लालच दिया और फिर उसके ऑनलाइन खाते में फर्जी बैलेंस दिखाकर ठगी को अंजाम दिया। इसके बाद एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत की।
रबूपुरा निवासी सतीश कुमार ने पुलिस से शिकायत की है कि 13 सितंबर 2025 को उनके टेलीग्राम अकाउंट पर एक लिंक आया था। लिंक के जरिए उन्हें निवेश पर कम समय में रकम दोगुनी करने का दावा किया गया। इसके बाद वह लालच में आकर ठगों के बताए खातों में पैसे ट्रांसफर करने लगे।

इस तरह उन्होंने तीन दिनों के भीतर कुल 13 लाख 31 हजार 553 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में भेज दिए। जब उन्होंने पैसे निकालने चाहे तो ठगों ने कहा कि पैसे निकालने के लिए और पैसा जमा करना होगा। जब ठग लगातार अतिरिक्त रकम जमा करने का दबाव बनाने लगे तो उन्हें संदेह हुआ। जांच-पड़ताल करने पर पता चला कि उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )