• Fri. Mar 13th, 2026

नोएडा: शादी से इनकार करने पर प्रेमिका की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी बिहार से गिरफ्तार

ByAnkshree

Dec 7, 2025
शादी से इनकार करने पर प्रेमिका की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को कोतवाली फेज टू पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया। युवक ने पिछले महीने याकूबपुर गांव में प्रेमिका की हत्या कर दी थी पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद किया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

नोएडा सेंट्रल के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि याकूबपुर गांव में 28 नवंबर की रात को 25 वर्षीय युवती सोनू उर्फ सोनी को उसके प्रेमी कृष्ण कुमार ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह फरार हो गया था। हत्या के बाद वह गुजरात भाग गया और वहां से यूपी आया। इसके बाद बिहार भाग गया। वहीं फरारी काट रहा था। नोएडा सेंट्रल पुलिस की टीम ने बिहार पुलिस की मदद से आरोपी कृष्णा को भोजपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया। वारदात करने के बाद हत्यारोपी ने पिस्टल को झाड़ियों में फेंक दिया था। वहां से पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

जेल जाने से पर बनी दूरी, बात करने से मना करती थी युवती युवक व युवती के बीच प्रेम संबंध थे। इस बीच अगस्त 2025 में कृष्णा को कोतवाली सेक्टर-142 पुलिस ने चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। कृष्णा जिस घर में वह काम करता था वहीं से उसने करीब एक किलो सोना और लाखों की नकदी चुराई थी। पुलिस ने जब मामले का पर्दाफाश किया तो मालिक ने सोनू और कृष्णा दोनों को काम से हटा दिया था। जेल से छूटने के बाद कृष्णा ने सोनू से फिर से संपर्क किया लेकिन उसने बात करने से मना कर दिया। शादी से भी इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी बिहार से पिस्टल लेकर नोएडा आ गया और सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी।

फरारी के दौरान नया मोबाइल व सिम लिया : सोनी की हत्या उसने योजना बनाकर की थी। हत्या करने के बाद वह गुजरात, यूपी से लेकर बिहार में फरारी काटी। पुलिस की तीन टीमें आरोपी कृष्णा की तलाश कर रही थी। 23 वर्षीय कृष्ण कुमार बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला है। फरारी के दौरान पहले उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। फिर उसने गुजरात में पांच हजार रुपये में नया मोबाइल और सिम लिया। जब नए मोबाइल से कुछ लोगों से बात की तब पुलिस उसके नजदीक पहुंच गई।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )