• Fri. Mar 13th, 2026

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा राहुल ने राम मंदिर के फैसले के बाद की थी एक बैठक,इस फैसले को सरकार बनने पर पलटने की की थी बात

Report By : Rishabh Singh, ICN Network

पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, ‘जब राम मंदिर का फैसला आया तो राहुल गांधी ने अपने करीबियों के साथ बैठक की थी। कहा था कांग्रेस सरकार बनने के बाद वह एक सुपर पावर कमेटी बनाएंगे। राम मंदिर के फैसले को वैसे ही पलट देंगे, जैसे राजीव गांधी ने शाह बानो के फैसले को पलट दिया था।’

प्रमोद कृष्णम ने कहा, ‘राहुल गांधी और उनकी टीम देश को किसी न किसी बहाने से तोड़ना चाहती है। पहले की कांग्रेस और वर्तमान कांग्रेस में काफी फर्क है। मैं कांग्रेस में 32 साल से ज्यादा समय तक रहा हूं। कांग्रेस बड़ी पार्टी है।

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी की जब स्थापना हुई थी तो देशभक्त नेता थे। उस वक्त की कांग्रेस ने देश को जोड़ने का काम किया। महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू ने भारत को जोड़ने का काम किया। वर्तमान की कांग्रेस देश को तोड़ना चाहती है। राहुल गांधी और उनकी टीम देश को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर तोड़ने में जुटी हुई है। इसलिए वह गलत बयानबाजी कर रहे हैं।’

‘मंदिर जाने से कोई हिंदू नहीं हो जाता’

प्रमोद कृष्णम ने कहा, ‘मंदिर जाने से कोई हिंदू नहीं बन जाता या सिर्फ मस्जिद में जाने से कोई मुसलमान नहीं बन जाता। जो ईसा मसीह में विश्वास नहीं करता, वह ईसाई नहीं हो सकता। उसी तरह, जो भगवान राम से नफरत करता है, वह हिंदू नहीं हो सकता।

कृष्णम के मुताबिक, दुनिया जानती है कि राम मंदिर निर्माण को रोकने के प्रयासों ने सनातन धर्म में विश्वास करने वालों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इस तथ्य पर कोई पर्दा नहीं है कि भगवान राम से कौन प्यार करता है या कौन नफरत करता है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)