थाना फेस- 3 में एक व्यक्ति ने पूर्व सपा महानगर अध्यक्ष और उनके दो बेटों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है।
थाना फेस तीन के प्रभारी निरीक्षक पुनीत कुमार ने बताया कि रिकी उर्फ जितेंद्र बंसल ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अंशुल यादव, आदेश यादव, सूबे यादव और तीन चार अज्ञात लोगों ने उनके साथ धोखाधड़ी करीब डेढ़ करोड़ रुपये का माल हड़प लिया। पीड़ित के अनुसार सूबे यादव उनके बेटे अंशुल और आदेश ने उनके घर पर आकर नोएडा में ग्रोसरी की दुकान खोलने की बात की थी। एक कंपनी बनाकर दुकान खोली गई, जिसमें तीन पार्टनर बने। उनका आरोप है कि आरोपी गण उनसे जबरन दबाव बनाकर अपने खाते में रकम ट्रांसफर करवाते थे। पैसे नहीं देने पर इन लोगों ने मारपीट कर डेढ़ करोड़ से ज्यादा की ग्रोसरी का सामान हड़प लिया। पीड़ित का आरोप है कि इन्होंने एक सड़क हादसे में उसकी हत्या कराने का भी प्रयास किया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि आरोपी सूबे यादव समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं।