पुलिस ने मामले में मोहित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। बाकियों की तलाश की जा रही है। सोशल मीडिया पर एक चाप विक्रेता की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ युवक विक्रेता से उसका आधार कार्ड मांगते हैं। वहीं क्यूआर कोड पर विक्रेता के नाम से अलग नाम होने पर विरोध जताते हैं। कुछ देर बाद युवक चाप विक्रेता पर जमकर मुक्के और लात-घूसे बरसाते हैं। आरोप लगाया जाता है कि विक्रेता थूक लगाकर मोमोज बेचता है। वहीं पिटाई से पीड़ित इरफान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सरस्वती कुंज में मिस्टर चाप वाला राजू की दुकान पर काम करता है। घटना के दौरान आरोपी आपस में एक-दूसरे का नाम कपिल और दिनेश लेकर पुकार रहे थे, जिनके साथ अन्य युवक भी मौजूद थे। पीड़ित ने पुलिस से कपिल, दिनेश और उनके अन्य साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस की ओर से मामले में बीएनएस की धारा-115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने), 351 (3) आपराधिक धमकी, 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पिटाई करने वाले युवक ऑनलाइन फूड डिलीवरी के कर्मचारी हैं। उन्होंने खाने के लिए चाप का ऑर्डर दिया था। ऑर्डर में देरी होने पर आरोपियों ने अपने गोरक्षा से जुड़े सदस्यों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर विक्रेता की पिटाई कर दी। वहीं कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है

