• Sat. Oct 3rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

उत्तर प्रदेश: 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जुलाई को गोरखपुर की धरती से प्रदेशव्यापी ‘पौधरोपण महायज्ञ-2026’ का शुभारंभ करेंगे। पर्यावरण संरक्षण के इस महाभियान के तहत मुख्यमंत्री रविवार सुबह भगवानपुर टोल प्लाजा लिंक एक्सप्रेसवे के समीप और आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड के किनारे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण करेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जहां वह प्रदेशवासियों से इस महायज्ञ में जिम्मेदारीपूर्वक अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान करेंगे। कार्यक्रम में उनके साथ प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहेंगे।त्रिवेणी और मौलश्री के पौधों से होगी शुरुआत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप अत्यंत पवित्र मानी जाने वाली त्रिवेणी (नीम, पीपल और बरगद) का पौधा रोपकर इस महाभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह ताल रिंग रोड के किनारे मौलश्री के पौधे का रोपण करेंगे। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस वर्ष उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य में रिकार्ड 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस महाभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग के संयोजन में कुल 27 विभागों के आपसी सामंजस्य से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुल लक्ष्य में से गोरखपुर जिले को 55 लाख 28 हजार 600 पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें सबसे बड़ा योगदान वन विभाग का होगा।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )