तीन जगह बन सकते हैं बाईपास
सिकंदरपुर-बलिया मार्ग पर गांवों को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए एनएचआई तीन जगह बाईपास बनाने पर विचार कर रहा है। इनमें खेजुरी, खड़सरा व सुखपुरा गांव व बाजार शामिल हैं। बाईपास बनने से इन इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। हालांकि, सर्वे व डीपीआर तैयार होने के बाद ही इनकी संख्या व स्थान तय होगा। विभागीय अधिकारी इस दिशा में शीघ्र कदम उठाएंगे। इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति की घोषणा पर सांसद रमाशंकर राजभर ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए वे सदा तत्पर रहते हैं। सिकंदरपुर-बलिया सड़क पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ गई थी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही थी। फोरलेन सड़क बनने से न केवल समय बचेगा, बल्कि यातायात सुगम होगा। सांसद ने बताया कि सिकंदरपुर से मांझी तक फोरलेन सड़क बनाने के लिए भी वे प्रयासरत हैं। इससे मनियर, बांसडीह, रेवती, सहतवार व बैरिया होकर मांझी की राह आसान हो जाएगी। क्षेत्रवासियों में इस घोषणा से उत्साह है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि शीघ्र निर्माण प्रारंभ हो। सांसद ने आश्वासन दिया कि वे इस पर कड़ी निगरानी रखेंगे।

