• Sat. Jul 11th, 2026

ग्रेटर नोएडा: कोतवाली गेट पर ही अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास

बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने पति द्वारा साथ रखने से इनकार किए जाने से आहत होकर कथित तौर पर कोतवाली गेट पर ही अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। हालांकि, पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को असत्य बता रही है, जिससे मामले को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि घटना असत्य है।जानकारी के अनुसार बिसरख कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला लता का आरोप है कि उसने वर्ष 2023 में गांव के ही रहने वाले रमन के साथ गाजियाबाद स्थित आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था।

विवाह के बाद युवक लगातार अपने भाई और बहन की शादी का हवाला देकर उसे साथ रखने से बचता रहा। युवती का कहना है कि उसने कई बार पति पर साथ रहने का दबाव बनाया, लेकिन वह टालमटोल करता रहा। अब युवक ने उसके साथ रहने से साफ इनकार कर दिया है और दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है।पीड़िता के अनुसार वह पिछले कई दिनों से न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों और कोतवाली के चक्कर लगा रही थी, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस बीच गुरुवार को गांव में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। पंचायत में युवक पक्ष की ओर से पैसे देकर समझौता करने का प्रयास किया गया, लेकिन युवती ने धनराशि लेने से इनकार करते हुए पति के साथ रहने की मांग दोहराई।

शुक्रवार सुबह युवती अपने कथित ससुराल पहुंची, जहां से उसे धक्के देकर बाहर निकाल दिए जाने का आरोप है। इसके बाद वह बिसरख कोतवाली पहुंची, लेकिन वहां भी सुनवाई न होने से परेशान होकर उसने अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खा लीं। युवती की हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। आरोप है युवती और युवक ने गाजियाबाद में विवाह किया था दोनों कुछ समय तक पर्थला खंजरपुर क्षेत्र में साथ रहे थे।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )