• Sun. Feb 1st, 2026

CM Yogi in Ghaziabad: गाजियाबाद को मिलेगा ‘ग्रेटर गाजियाबाद’ का दर्जा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और कई घोषणाएं

Report By: Amit Rana( Ghaziabad B. Cheif)

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने कहा कि लोनी, खोड़ा और मुरादनगर क्षेत्रों को नगर निगम सीमा में शामिल कर ‘ग्रेटर गाजियाबाद’ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र विकास की नई पहचान गढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा इंदिरापुरम स्थित कैलास मानसरोवर भवन में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान की। उन्होंने कहा कि राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए ज़मीन और निर्माण की जिम्मेदारी गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) को सौंपी जाएगी, जिससे शहर को वैश्विक पहचान दिलाई जा सके।

मुख्यमंत्री योगी ने कैलास मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले तीसरे जत्थे के 46 यात्रियों को यात्रा किट वितरित की। उन्होंने घोषणा की कि यात्रा से लौटने के 90 दिनों के भीतर प्रत्येक यात्री को ₹1 लाख की अनुदान राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कैलास मानसरोवर भवन, पूर्वांचल भवन और उत्तरांचल भवन का उपयोग आम जनता की सुविधा के लिए किया जाएगा और इसके लिए नगर निगम को प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में गाजियाबाद में व्यापक विकास हुआ है—देश की पहली रैपिड रेल, 12 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे, मेट्रो, और एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं अब शहर की पहचान बन गई हैं।

समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूधेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर की योजना को तेज़ी से आगे बढ़ाया जाए। साथ ही उन्होंने बताया कि गाजियाबाद अब प्रदेश की पहली स्वच्छ सिटी के रूप में उभर रहा है। यहां कचरे के ढेर खत्म हो चुके हैं और सिटी फॉरेस्ट के रूप में एक नया मॉडल विकसित किया गया है।

सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए इंटीग्रेटेड ऑफिस कॉम्प्लेक्स और पुलिस कमिश्नरेट जैसे ढांचे तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने हिंडन नदी के दोनों ओर पौधारोपण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि “आठ साल पहले जिस गाजियाबाद को अपराध के लिए जाना जाता था, आज वही गाजियाबाद विकास की मिसाल बन चुका है।”

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री असीम अरुण, नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, मंजू सिवाच, नंदकिशोर गुर्जर और अजीत पाल त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)