• Mon. Apr 27th, 2026

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने के बाद शहर में बड़े होटलों की मांग

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने के बाद शहर में बड़े होटलों की मांग बढ़ेगी। इसे देखते हुए नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे किनारे सेक्टर-105 में पांच सितारा होटल बनेगा। इसके लिए ई-नीलामी की प्रक्रिया सफल हो गई है। 7500 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इस प्लॉट की मानक आवंटन कीमत 114 करोड़ रुपये थी। इससे बढ़कर हल्दीराम समूह ने 131 करोड़ रुपये की बोली लगाई है। प्राधिकरण ने यह शर्त शामिल की हुई है कि 5000 वर्ग मीटर से बड़ा होटल प्लॉट लेने वाले को आगे निर्माण के लिए किसी पांच सितारा होटल समूह के साथ साझेदारी दिखानी होगी। मतलब यह कि मशहूर व स्थापित ब्रांड होटल चेन की ही शाखा खुलेगी। शहर में होटल प्लॉट का यह आवंटन करीब 20 साल बाद हुआ है। अहम है कि 18 साल बाद 2024 में आई योजना खाली गई थी। लंबे समय से होटल प्लॉट की योजना न आने के चलते शहर में बड़े होटलों की संख्या कम हैं।

प्राधिकरण की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक इस होटल प्लॉट से 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश आएगा। 400 से ज्यादा रोजगार के नए मौके आने अनुमानित हैं। ई-नीलामी के बाद अब आगे आवंटन की प्रक्रिया प्राधिकरण दस्तावेज जमा करवाकर पूरी करेगा। आगे की तैयारी यह भी है कि एक और 5 सितारा होटल के लिए प्लॉट का आवंटन किया जाए। इसके लिए भी प्राधिकरण के पास नामी होटल समूह के प्रस्ताव पहले से आए हुए हैं। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि योजना में प्लॉट लाकर ई-नीलामी के जरिए जल्द आवंटन किया जाएगा। इससे दो 5 सितारा होटल शहर में और हो जाएंगे। प्राधिकरण की तैयारी आगे रेस्तरां के लिए भी प्लॉट योजना लाने की है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )