डायट गुरुग्राम की ओर से एससीईआरटी गुरुग्राम के दिशा-निर्देशों पर युवा ग्राम पंचायत प्रोग्राम 2025 का जिला स्तरीय आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बलेवा पटौदी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डायट प्रिंसिपल सुमिता रांगी के कुशल नेतृत्व एवं डीआरयू विंग इंचार्ज अरुण कुमार राघव सीनियर लेक्चरर की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अरुण कुमार राघव ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतीय लोकतंत्र में ग्राम पंचायत की संवैधानिक संरचना, कार्यप्रणाली, वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता तथा हरियाणा सरकार की सुशासन अवधारणा को साकार करने में ग्राम पंचायत की भूमिका पर प्रकाश डाला। युवा ग्राम पंचायत में विद्यार्थियों ने ग्राम सभा की संरचना, बैठक प्रक्रिया, कार्य प्रणाली एवं प्रस्तावों पर निर्णय लेने की प्रक्रिया का प्रभावी प्रदर्शन किया।
मंचन के दौरान कई महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया, जिनमें भ्रूण हत्या पर रोक, महिलाओं के अधिकार, निर्मल गांव (खुले में शौच मुक्त), प्लास्टिक मुक्त गांव, वायु प्रदूषण, नशा मुक्ति अभियान, कानूनी साक्षरता तथा देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना शामिल रहा।